उत्तराखंड सरकार के “सेवा, सुशासन, समर्पण” संकल्प के तहत आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को सेवा पखवाड़े का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाले स्टॉल एवं प्रदर्शनियां लगाई गईं, जिनके माध्यम से आम जनता को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं और विदेशी पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC), नकल विरोधी कानून तथा दंगा विरोधी कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लागू किए गए हैं, जिससे उत्तराखंड की अलग पहचान बनी है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को पहली बार नेशनल गेम्स की मेजबानी का अवसर मिला तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में 4 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया गया है। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकारी सेवाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी लगभग दो लाख महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया गया है।
कार्यक्रम में कृषि, उद्यान एवं मत्स्य पालन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को लाखों रुपये के प्रोत्साहन चेक वितरित किए गए। सेब उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो प्रगतिशील किसानों को 6 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि प्रदान की गई। वहीं निर्धन महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 35-35 हजार एवं 75-75 हजार रुपये के चेक दिए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा 19 दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र, छड़ी सहित अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए।
इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि 113 करोड़ रुपये की लागत से आस्था पथ का निर्माण शीघ्र प्रारंभ होगा। साथ ही क्रिटिकल केयर अस्पताल का निर्माण कार्य जारी है तथा एक अरब रुपये से अधिक की लागत वाली 15 नई सड़कों की डीपीआर तैयार कर ली गई है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष नागेंद्र चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, भाजपा जिला महामंत्री महावीर नेगी, ब्लॉक प्रमुख राजवीर परमार, दुग्ध संघ अध्यक्ष गिरीश भट्ट, एसडीएम देवानंद शर्मा, एडीएम मुक्त मिश्रा, सीडीओ जय भारत सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
— LEAD INDIA TV NEWS WEB PORTAL
#LeadIndiaTVNews #Uttarakhand #Uttarkashi #SaurabhBahuguna #JanJanKiSarkar #SevaPakhwada #NarendraModi #Vikas #Farmers #WomenEmpowerment #Divyang #LakhpatiDidi #CharDhamYatra #Gangotri #BreakingNews #UttarakhandNews #IndiaNews
