राज्यभर में आपदाओं से निपटने की तैयारी: उत्तराखंड के 13 जिलों में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित रामनगर/उत्तराखंड

रामनगर/उत्तराखंड | LEAD INDIA TV NEWS
मानसून की शुरुआत के साथ ही उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 2 जुलाई 2026 को राज्य के सभी 13 जनपदों में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। जनपद उत्तरकाशी के दो विकासखंडों के पांच अलग-अलग स्थानों पर आपदा संबंधी विभिन्न परिदृश्यों का अभ्यास कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रातः 9:35 बजे राज्य आपदा परिचालन केंद्र को विभिन्न स्थानों से काल्पनिक आपदाओं की सूचना मिलने के बाद आपदा सायरन बजाकर डीएम एवं रिस्पॉन्सिबल अधिकारी प्रशांत आर्य ने तत्काल आईआरएस (Incident Response System) को सक्रिय किया। इसके बाद संबंधित विभागों एवं राहत-बचाव दलों को आवश्यक संसाधनों के साथ घटनास्थलों के लिए रवाना किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान विभिन्न आपदा परिस्थितियों का अभ्यास किया गया। नेताला क्षेत्र में भारी वर्षा के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने से राष्ट्रीय राजमार्ग का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने, वगासू क्षेत्र में बादल फटने से जनहानि, कुथनौर विद्यालय भवन पर पेड़ गिरने, डवरानी क्षेत्र में भूस्खलन से वाहनों के दबने तथा नालू पानी क्षेत्र में सड़क पर मलबा आने से मार्ग अवरुद्ध होने जैसी काल्पनिक घटनाओं पर राहत एवं बचाव कार्य का अभ्यास किया गया।

आपदा कंट्रोल रूम से सभी घटनास्थलों की लगातार निगरानी की जाती रही। डीएम ने संबंधित इंसिडेंट कमांडर को स्टेजिंग एरिया से विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के राहत-बचाव दलों को तत्काल घटनास्थलों पर भेजने के निर्देश दिए। टीमों ने निर्धारित समय में पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य का सफलतापूर्वक प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या कार्य में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनता को त्वरित राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
राज्य स्तरीय इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण करना तथा किसी भी वास्तविक आपदा की स्थिति में प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करना है।
रिपोर्ट: नरेश चोपड़ा
LEAD INDIA TV NEWS

#LeadIndiaTVNews #Uttarakhand #DisasterManagement #MockDrill #Monsoon2026 #Uttarkashi #EmergencyResponse #IRSSystem #DisasterPreparedness #PushkarSinghDhami #StateMockDrill #RescueOperation #ReliefOperation #BreakingNews #IndiaNews #UttarakhandNews #MonsoonAlert #DisasterResponse #NareshChopra #LeadIndiaNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *