
उत्तराखंड के जसपुर क्षेत्र के पतरामपुर, मनोरथपुर और आसपास के गांवों में इन दिनों तीन गुलदारों (तेंदुओं) की मौजूदगी ने दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि सूरज ढलते ही ग्रामीण अपने घरों में कैद होने को मजबूर हो जाते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, ये गुलदार लगातार गांवों में घुसकर आतंक मचा रहे हैं और अब तक कई पालतू जानवरों—जैसे बकरियां और कुत्ते—को अपना शिकार बना चुके हैं। लोगों का कहना है कि रात के समय बाहर निकलना अब जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है।

CCTV में कैद हुए तीन गुलदार
हाल ही में पतरामपुर गांव में एक घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में एक साथ तीन गुलदार दिखाई दिए, जिसके बाद ग्रामीणों में डर और बढ़ गया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों ने भी मोबाइल फोन से इन गुलदारों के घूमने के वीडियो रिकॉर्ड किए हैं, जिससे खतरे की गंभीरता साफ नजर आती है।
पहले भी पकड़ा गया एक गुलदार
इससे पहले बीती रात वूढाफॉर्म क्षेत्र में वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में एक गुलदार कैद किया गया था। पिंजरे में कैद गुलदार की आक्रामकता को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि ये जानवर कितने खतरनाक हो सकते हैं।
वन विभाग अलर्ट, ग्रामीणों को दी चेतावनी
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के डिप्टी रेंजर और उनकी टीम मौके पर पहुंची। विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में और पिंजरे लगाने की बात कही है।
वन अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि जंगली जानवरों का आबादी वाले क्षेत्रों में आना खतरनाक संकेत है, इसलिए रात के समय विशेष सावधानी बरतें।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से जल्द से जल्द इन गुलदारों को पकड़ने की मांग की है, ताकि गांव में फैले भय के माहौल को खत्म किया जा सके और लोग सामान्य जीवन जी सकें।
फिलहाल पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग समाधान का इंतजार कर रहे हैं।
रिपोर्ट: नरेश चोपड़ा
ब्यूरो हेड, रामनगर | Lead India TV News
